बिलासपुर में शनिवार की देर रात एक अजीबोगरीब घटना घटी, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। रात के अंधेरे में एक जलती चिता के पास युवक-युवती की फोटो लेकर तांत्रिक क्रिया कर रहे एक महिला और उसके सहयोगी पुरुष को पुलिस ने धर दबोचा है। फिलहाल, इस मामले में पूछताछ जारी है। यह घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक मुक्तिधाम की है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार की रात, बन्नाक चौक मुक्तिधाम में जलती चिता के सामने एक महिला और पुरुष को तंत्र पूजा करते हुए लोगों ने पकड़ा। दोनों ने युवक और युवती की फोटो को मोमबत्ती और दीये के साथ रखकर पूजा शुरू कर दी थी।
जब रात के समय आसपास के लोगों को इस घटना की भनक लगी, तो वे घबरा गए। कुछ लोग हिम्मत जुटाकर मौके पर पहुंचे और वहां उन्होंने देखा कि बाहर से आई एक महिला तांत्रिक और उसका सहयोगी जलती चिता के सामने तंत्र पूजा कर रहे थे। वहीं, दीयों के बीच में युवक-युवती की फोटो, पुतले, शराब, सिगरेट आदि सामान बिखरे हुए थे। अनहोनी की आशंका से डरे लोगों ने तांत्रिक से पूछताछ की, लेकिन वह गोलमोल जवाब देने लगा। इस दौरान महिला तांत्रिक लगातार मंत्र पढ़ रही थी, और उसके पुरुष साथी ने उसे रोकने से इंकार कर दिया। गुस्साए लोगों ने तांत्रिक की पिटाई की और फिर उसे पकड़कर सिरगिट्टी थाने के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला को तंत्र पूजा के लिए बाहर से बुलाया गया था।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है, और जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
यह भी पढ़े:-इन चीजो को खाने से बढता है यूरिक एसिड,ऐसे बचे !
यह भी पढ़े:-झड़ते बालों से परेशान हैं तो फॉलो करें ये 10 स्टेप्स, बाल बनेंगे मजबूत

